दंपती से मारपीट कर पर्स लूटने वाला आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार
आरोपी ने महिला के साथ मारपीट कर दोनों को नीचे गिरा दिया और पर्स लेकर फरार हो गया था
Udaipur Times News उदयपुर 18 नवंबर 2026 । भूपालपुरा थाना पुलिस ने दंपती को रोककर महिला से मारपीट करने और पर्स लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 6 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, लूटा गया आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घंटाघर थाना क्षेत्र में भी एक अन्य लूट की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, पाठों की मगरी निवासी विक्रम सिंह ने 17 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। Crime News
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से सेलिब्रेशन मॉल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुराने पासपोर्ट कार्यालय के पास एक स्कूटी सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी रुकवाई और पत्नी के हाथ से लेदर का पर्स छीनकर भागने लगा।
दंपती ने विरोध किया तो आरोपी ने महिला के साथ मारपीट कर दोनों को नीचे गिरा दिया और पर्स लेकर फरार हो गया।
पर्स में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी उमेश ओझा और डीएसपी छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान कर उसे वारदात के 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। Udaipur News
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित सोनी (30) पुत्र फतेहलाल सोनी, निवासी 133 मोती चौहट्टा, थाना घंटाघर, हाल निवासी 417 नाजु श्री वाटिका के पास, सहेलीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
लूटा गया मोबाइल और अन्य सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।