Udaipur Times, Crime News: उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जवास स्थित सोम नदी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया।
खेरवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा ने बताया कि मृतक की पहचान सामितेड निवासी नारायण मीणा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक का घर सोम नदी के पास ही स्थित है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने और उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।