चार दिन पहले घर से निकले युवक का शव हवाला रोड पर मिला

सज्जनगढ़ से हवाला रोड के बीच एक पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश 

 | 

परिजनो ने जताई हत्या और अपहरण की आशंका,  की मामले की जांच की मांग 

उदयपुर 22 अक्टूबर 2020।  शहर के हवाला रोड पर एक पेड़ पर लटकी हुई लाश मिली। यह लाश अपने घर से चार दिन पूर्व बाहर निकले स्वरूप सिंह नामक युवक की  बताई जा रही है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय स्वरूप सिंह पिता मगन सिंह राजपूत निवासी सुआवतो का गुडा तहसील गोगुन्दा नामक युवक चार दिन पहले घर से दुकान जाने के लिए निकला था। परिजन और पुलिस उसको तलाश कर रही थी। इसी बीच युवक की लाश सज्जनगढ़ से हवाला रोड के बीच एक पेड़ पर लटकी हुई पाई गयी है।   

स्वरुप सिंह की लाश मिलने पर राजपूत समाज के लोगो में आक्रोश पाया गया।  लाश मिलने से पूर्व समाज के लोगो ने स्वरुप सिंह को तलाशने के लिए ज्ञापन भी सौंपा। स्वरूपसिंह गत 18 अक्टूबर को दोपहर में अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था उसके बाद गायब है। जिसकी अम्बामाता पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। जिसके बाद तलाशी में स्वरूपसिंह की बाइक और हेलमेट सज्जन गढ़ रोड पर मिली थी। 

लाश तक़रीबन चार दिन पुरानी बताई जा रही है। परिजनों ने हत्या और अपहरण की आशंका जताई है।  फिलहाल अम्बामाता थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।     

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News