नौकरानी ने ही बनाया था वारदात का पूरा प्लान

तीन आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुलासा

 | 
Udaipur police solve Pratapnagar house attack case; maid mastermind arrested

उदयपुर 15 नवंबर 2025 - प्रतापनगर थानाक्षेत्र के मादड़ी इलाके में दिनदहाड़े घर में घुसकर हमला करने की घटना का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया।

पुलिस ने मास्टरमाइंड नौकरानी सहित दो युवतियों और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

12 नवंबर 2025 को उदयपुर निवासी मितेश गोलच्छा ने रिपोर्ट दी थी कि दोपहर करीब 3 बजे दो नकाबपोश युवक उनके घर में घुस आए और उनकी माताजी पर हमला कर गला दबाने की कोशिश की। आरोपी चाकू लाने की बात करते हुए वारदात को अंजाम देने लगे। माताजी के चिल्लाने पर दोनों आरोपी भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि तीन लोग बाइक से आए थे, जिनमें से दो अंदर गए और एक बाहर खड़ा रहा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने आसपास के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिरों से सूचना जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित के घर काम करने वाली नौकरानी रेखा मेघवाल का भाई कमलेश मेघवाल पहले भी लूट के मामलों में आरोपी रहा है।

पूछताछ में नौकरानी रेखा पुलिस को लगातार भटकाती रही। आगे की जांच में आरोपी प्रदीप परदेशी को हिरणमगरी थाना क्षेत्र से दस्तयाब कर पूछताछ की गई।

शुरू में उसने इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। प्रदीप ने बताया कि नौकरानी रेखा और उसकी दोस्त रितिका ने चोरी की योजना बनाई थी।

मकान मालिक के घर से बाहर जाने की सूचना रेखा ने रितिका को दी, जिसके बाद प्रदीप, लोकेश और कमलेश ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है

  1.  प्रदीप परदेशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी आजाद नगर कच्ची बस्ती, सेक्टर 3
  2.  रितिका विग, उम्र 22 वर्ष, निवासी अरिहंत कॉलोनी, मादड़ी रोड नंबर 3
  3.  रेखा मेघवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी अरिहंत कॉलोनी, मादड़ी रोड नंबर 1

गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी लूट और मारपीट जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News