एकलव्य कॉलोनी में बीजेपी नेता के घर चोरी की वारदात
उदयपुर 27 फ़रवरी 2026। शहर में बीजेपी एससी मोर्चा के ज़िला उपाध्यक्ष और थाने के सीएलजी मेंबर के घर चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर घर के बाहर बाइक पर इधर-उधर घूमते, पैदल टहलते और बाद में घर में घुसते नजर आ रहे हैं।
चोरी की यह घटना 21 फरवरी को अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य कॉलोनी में बीजेपी नेता कैलाश निमावत के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि चोर मकान के फर्स्ट फ्लोर पर बने कमरों में घुसे और वहीं से चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि परिवार के सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे।
पीड़ित कैलाश निमावत ने बताया कि चोर ऊपर वाले कमरे से 3 हजार रुपए नकद और पूजा का सामान ले गए। साथ ही वे एक अलमारी की चाबी भी साथ ले गए। उस अलमारी में करीब 20 हजार रुपए नकद, सोना-चांदी के आभूषण, कैमरा और एक कीमती घड़ी रखी हुई है। चाबी अपने तय स्थान पर नहीं मिली। अलमारी अब भी बंद है और बिना चाबी के उसे खोलना संभव नहीं है।
मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा FIR दर्ज नहीं किए जाने को लेकर पीड़ित ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वे तीन से चार बार थाने के चक्कर लगा चुके हैं और लिखित शिकायत देने के साथ ही CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने बताया कि लिखित शिकायत ली गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित जब भी थाने आए, उनका उनसे मिलना नहीं हो पाया। जल्द ही FIR दर्ज कर ली जाएगी। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी और CCTV फुटेज भी प्राप्त हुए हैं। यदि किसी पर शक या संदेह है तो उस एंगल से भी जांच की जाएगी।
कैलाश निमावत ने यह भी कहा कि कॉलोनी में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
#Udaipur #Rajasthan #CrimeUpdate #EklavyaColony #Theft
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
