उदयपुर के तीतरड़ी मे दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से चोरी की वारदात

 | 
Theft From Jwelery Shop at Titardi Udaipur

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के तीतरड़ी चौराहे पर गुरुवार सुबह दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। नमो ज्वेलरी शॉप पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातों में उलझाया और मौका मिलते ही करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत की सोने की बालियां चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजकर 43 मिनट पर तीतरड़ी चौराहे की नमो ज्वेलरी शॉप पर एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसकी हरकत सामान्य ग्राहक जैसी थी। दुकान पर मौजूद दुकानदार से उसने आभूषण दिखाने को कहा और इसी दौरान दुकानदार का ध्यान अपनी ओर लगाए रखा। मौका मिलते ही आरोपी ने सोने की बालियों पर हाथ साफ किया और दुकान से निकलकर फरार हो गया।

कुछ देर बाद दुकानदार को आभूषण गायब होने का पता चला तो उसके होश उड़ गए। चोरी हुए सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

इसके बाद तत्काल सवीना थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके संबंध में साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। दुकानदार की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस अब आरोपी के दुकान तक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।

व्यस्त तीतरड़ी चौराहे पर दिनदहाड़े हुई इस चोरी से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल सवीना थाना पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News