सलूंबर-एक रात में चार मकानों में चोरी
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल
सलूंबर 9 मार्च 2026। ज़िले के कूण थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने चार मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर एक मकान से लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हनुमान मंदिर के पास स्थित अजीत कुमार जैन के मकान में चोर किचन की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी, दो पेटियां और एक सूटकेस के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया। चोर यहां से करीब आठ तोला सोने के आभूषण, डेढ़ लाख रुपए नकद, चांदी की ज्वैलरी और कुछ सरकारी दस्तावेज चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे और उन्हें सुबह चोरी का पता चला।
चोरों ने इसके अलावा कमलेश कुमार जैन, छोगालाल जुसोंत और शंकरलाल आमेटा के मकानों के ताले भी तोड़े, लेकिन इन घरों में उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला। बताया जा रहा है कि इन मकानों में काफी समय से ताले लगे हुए थे और उनके मालिक दूसरे स्थान पर रहते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ितों ने कूण थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थानाधिकारी निलेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार चारों मकानों में CCTV कैमरे नहीं लगे हुए हैं। ऐसे में आसपास के रास्तों और गलियों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
एक ही रात में चार मकानों के ताले टूटने की घटना से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए।
#Salumbar #SalumbarNews #UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #TheftCase #Burglary #RajasthanPolice #LocalNews #UdaipurDistrict #SalumbarCrime
