बामनवाड़ा गांव में सात घरों में चोरी

चार लाख की नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

 | 
theft in 7 houses of bamanwada

उदयपुर 18 जुलाई 2025। ज़िले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बामनवाड़ा गांव में बीती रात चोरों ने एक साथ सात सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोना-चांदी के जेवरात चुरा लिए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन मकानों में चोरी हुई, वे सभी उस समय खाली थे। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घटना से पहले रैकी की थी। सुबह जब ग्रामीणों ने मकानों के ताले टूटे हुए देखे, तब चोरी का पता चला।

वहीं पास के करजी गांव में भी चोरी की कोशिश की गई। अमरचंद पुत्र भैरजी कलाल के सूने मकान का ताला तोड़ने की आवाज सुनकर पास की एक महिला जाग गई। बाहर निकलने पर चोर हथियार छोड़कर भाग गए।

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद डीएसपी राजीव राहर और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

सेवानिवृत्त शिक्षक नरेंद्र पंड्या ने बताया कि रात करीब तीन बजे किसी प्रकार की आवाज आने पर उन्होंने खिड़की से टॉर्च जलाकर देखा, तो एक व्यक्ति भागता नजर आया। सुबह पांच बजे बाहर निकले तो पास में रहने वाले उनके भाई, रेवेन्यू इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार पंड्या के घर का ताला टूटा हुआ था। इसके अलावा प्रकाश पुत्र तोलाराम पंड्या, जितेंद्र पुत्र पन्नालाल पंड्या, प्रकाश पुत्र लच्छीराम, यशवंत पुत्र लच्छीराम, महेंद्र पुत्र पन्नालाल पंड्या और राकेश पंड्या के घरों को भी चोरों ने निशाना बनाया।

इन सात घरों से करीब चार लाख रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी हुए हैं।

पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। एक फुटेज में तीन से चार नकाबपोश बदमाश एक मकान में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके कंधे पर बैग भी नजर आ रहा है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।