गोगुंदा में तीन सूने मकानों में चोरी

मेवावाल मोहल्ले में नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर, इलाके में दहशत

 | 
Burglary in Mewawal Mohalla under Gogunda police station in Udaipur where three locked houses were targeted by thieves

उदयपुर , 23 जनवरी 2026 । गोगुंदा थाना क्षेत्र में बीती देर रात मेवावाल मोहल्ले में चोरों ने तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। चोरों ने तीनों जगहों पर ताले तोड़कर घरों में रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।

सबसे पहले चोर मोहनलाल पिता मोतीलाल मेवावाल के घर में घुसे। यहां कमरे में रखी तीन लोहे की पेटियों के ताले तोड़ दिए गए। पेटियों में रखा सामान बिखेरने के बाद चोर करीब डेढ़ तोला सोना, लगभग साढ़े सात ग्राम चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये से अधिक नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित मोहनलाल आर्थिक रूप से बेहद कमजोर बताए गए हैं। वह और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कई वर्षों की मेहनत से जोड़ी गई जीवनभर की पूंजी चोरी हो जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़कर माल बरामद करने की मांग की है। दूसरी वारदात मांगीलाल पिता कना मेवावाल के घर हुई। यहां अलमारी में रखा सोने का मादलिया, करीब आधा किलो से अधिक चांदी के जेवरात, बैग में रखे लगभग सात हजार रुपये नकद और बर्तन चोरी कर लिए गए। इसके बाद चोर मोहनलाल के मकान के पास हेमरलाल के घर पहुंचे, लेकिन ताला तोड़ने के दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। भनक लगते ही चोर मौके से फरार हो गए।

बताया गया कि परिवार पास के ही मकान में सोया हुआ था। चोरी की सूचना मिलते ही पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित मोहनलाल ने गोगुंदा पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News