पेट्रोल पंप पर दो डंपरों में चोरी

300 लीटर डीज़ल और बैटरी गायब

 | 
Pratap Nagar Police Station

उदयपुर 10 नवंबर 2025। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में कलड़वास स्थित बालाजी पेट्रोल पंप पर बीती रात दो डंपरों से चोरी की वारदात सामने आई है। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, डंपर मालिकों ने अपने वाहनों को पेट्रोल पंप पर खड़ा किया था।

तीतरड़ी निवासी चालक कुंदन सिंह ने बताया कि उसके डंपर (RJ 06 GB 8117) से 300 लीटर डीज़ल चोरी हो गया। वहीं लक्ष्मीलाल के डंपर (RJ 11 GB 1857) से बैटरी चुरा ली गई। दोनों ने प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। मालिकों के अनुसार, वे अक्सर इसी पेट्रोल पंप से डीज़ल भरवाते हैं।

कुंदन सिंह ने बताया कि चोरी पहले भी यहां हो चुकी है। इस बार जिस तरह बैटरी काटी गई, उससे साफ पता चलता है कि चोर ग्राइंडर का इस्तेमाल कर रहे थे। ग्राइंडर चलने की आवाज भी आती है, लेकिन पेट्रोल पंप पर सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद किसी को कुछ सुनाई नहीं दिया।

ड्राइवरों का कहना है कि 300 लीटर डीज़ल खाली करने में काफी समय लगता है और संभवतः चोर डीज़ल को वाहन में ले गए होंगे। बड़ी बात यह है कि पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे ही नहीं लगे हैं, जबकि नियमों के अनुसार सभी पंप पर सीसीटीवी होना अनिवार्य है।