बहु मंजिला बिल्डिंग के दो फ्लैट में एक साथ चोरी की घटना
उदयपुर 23 अगस्त 2025। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक बहु मंजिला बिल्डिंग के दो फ्लैट में एक साथ चोरी की घटना हुई। चोर लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवर और नगदी चोरी करके फरार हो गए। हथियारबंद चोरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। दरअसल सुरक्षा की दृष्टि से लोग बंगले बनवाने की जगह बहुमंजिला इमारत में फ्लैट लेकर रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
लेकिन अब सुरक्षा बंदोबस्त वाली इन बिल्डिंग में भी चोरों ने सेंधमारी कर ली है। घटना 18 अगस्त रात की है जिसके सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहे हैं। भुवाणा स्थित मंगलम रेजिडेंसी आर्चीड़ अपार्टमेंट में हाथों में औजार लिए मुंह ढंक कर चार चोर घूसे।
रात करीब 2:00 बजे दीवार कूद कर यह चोर बिल्डिंग में गए और सीढ़ी के रास्ते सीधे तीसरी और सातवीं मंजिल पर गए जहां दो सुने पड़े फ्लैट में चोरी की। ताला तोड़कर करीब 1 घंटे तक फ्लैट का सारा सामान खंगाल लिया और सोने चांदी और नगदी लेकर फरार हो गए। आश्चर्य की बात तो यह है कि चोर इस बात से पूरी तरह से वाकिफ थे कि पूरे परिसर में कौन-कौन से फ्लैट खाली है।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों के पास यह पुख्ता जानकारी थी की तीसरी मंजिल और सातवीं मंजिल के फ्लैट मालिक बाहर गए हुए हैं और फ्लैट फिलहाल सुने पड़े हैं।
इनमें से एक फ्लैट मालिक की ओर से सुखेर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
