उदयपुर में पान के केबिन से 5 लाख की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 

Udaipur Times, Crime News: 30 मई 2026। उदयपुर की हाथीपोल थाना पुलिस ने पंचवटी स्थित एक पान के केबिन से करीब 5 लाख रुपये के माल की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक पावर बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों ने शहर में अब तक नौ चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी करण सिंह निवासी बड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पंचवटी में स्थित उसके पान के केबिन में विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, गुटखा और तंबाकू का सामान रखा हुआ था। 9 अप्रैल 2026 की रात वह केबिन बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर केबिन के ताले टूटे मिले। जांच में विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, सिग्नेचर कार्टन, विमल और तानसेन गुटखे के कट्टे, रजनीगंधा के बॉक्स तथा नकदी सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी होना सामने आया।

मामले की जांच के दौरान थानाधिकारी राजुदेवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्ध युवकों पर निगरानी रखी। जांच में पता चला कि 100 फीट स्वागत वाटिका रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले कुछ युवक देर रात पावर बाइक पर घूमते हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं।

पुलिस ने भेरूलाल मीणा, प्रकाश मीणा और अनिल खराड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पावर बाइक भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपी भेरूलाल मीणा (21) और प्रकाश मीणा (23) निवासी पलोदड़ा, जिला सलूम्बर तथा अनिल खराड़ी (22) निवासी लराठी, जिला उदयपुर हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उदयपुर शहर में कुल नौ चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। इनमें माली कॉलोनी, परशुराम चौराहा, सबसिटी सेंटर, हाड़ीरानी चौराहा, सवीना सब्जी मंडी, खेड़ा सर्कल, लोककला मंडल चौराहा, शोभागपुरा और मधुबन क्षेत्र में पान और चाय के केबिनों के ताले तोड़कर सिगरेट, गुटखा, तंबाकू और अन्य सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और चोरी के माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News