₹52 लाख के जेवरात और नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

रावला फला गांव में घर के पीछे से घुसे चोर, अलमारी तोड़कर सोना-चांदी, नकदी और दुर्लभ सिक्के लेकर फरार; CCTV फुटेज सामने आने के बाद जांच तेज

 | 

उदयपुर 19 मई 2026 - फलासिया थाना क्षेत्र के रावला फला में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पीड़ित परिवार ने फलासिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित शेर सिंह शाकावत पुत्र भगवत सिंह शाकावत ने बताया कि रविवार रात वह अपनी पत्नी के साथ किसी जरूरी काम से उदयपुर गए हुए थे। घर पर उनका छोटा बेटा हेमेंद्र सिंह शाकावत और बहू मौजूद थे, जो अपने कमरे में सो रहे थे। देर रात चोर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। सबसे पहले चोरों ने हेमेंद्र और उनकी पत्नी के कमरे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि उन्हें भनक लगने पर वे बाहर नहीं निकल सकें।

इसके बाद चोरों ने घर के अन्य कमरों के ताले और अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक घर के सामने सड़क पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 50 से 52 लाख रुपए बताई जा रही है।

चोर अलमारी से सोने की नथ, गले का सेट, पायल, बिछिया, अंगूठियां, ईयररिंग्स, सोने की चूड़ियां, बालियां और अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 2.6 किलो चांदी के बर्तन, जिनमें प्लेटें, गिलास, ट्रे और बिस्किट शामिल हैं, भी चोरी हो गए। साथ ही एक लाख रुपए नकद और वर्ष 2000 के पुराने व दुर्लभ सिक्के भी चोर अपने साथ ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में स्थानीय पुलिस व्यवस्था को लेकर आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि रणघाटी से गरणवास तक होने वाली हाईवे पुलिस गश्त पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। वहीं कोल्यारी पुलिस चौकी में पहले चार पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन ट्रांसफर और प्रमोशन के बाद अब यहां केवल एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल ही बचे हैं। उन्हें भी अक्सर हाईवे मोबाइल ड्यूटी पर भेज दिया जाता है, जिससे चौकी खाली रहती है।

#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCrime #Falasia #RajasthanNews #CrimeNews #BreakingNews #JewelleryTheft #RajasthanCrime #UdaipurUpdates #PolicePatrolling #FalasiaNews #RawlaFala #MewarNews #UdaipurRuralNews #RajasthanPolice #UdaipurToday

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News