उदयपुर में मेगा ट्रेड फेयर के बाहर थार का शीशा तोड़कर चोरी, एक लाख नकद और सोने के गहने ले उड़े बदमाश
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में बीएन यूनिवर्सिटी मैदान में चल रहे मेगा ट्रेड फेयर के बाहर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने प्रोफेशनल एंकर प्रतीक्षा दवे की थार कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग चुरा लिया। बैग में एक लाख रुपए से अधिक नकद और सोने के आभूषण रखे हुए थे।
पीड़िता प्रतीक्षा दवे के अनुसार, उन्होंने रात करीब 9 बजे अपनी कार फेयर के सामने फ्लाईओवर के नीचे सड़क किनारे पार्क की थी। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटीं, तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला। जांच करने पर कार में रखा बैग गायब मिला।
बैग में करीब एक लाख रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान के झुमके और सोने की चेन सहित अन्य सामान था। घटना का पता चलने के बाद पीड़िता ने भूपालपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
प्रतीक्षा दवे ने बताया कि वारदात देर रात नहीं, बल्कि ऐसे समय हुई जब सड़क पर दोनों तरफ यातायात चल रहा था। इसके बावजूद बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने, चोरी हुआ सामान बरामद कराने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।