घासा में चोरों का आतंक, दो मंदिरों और दो सूने मकानों को बनाया निशाना
पुलिस अब आसपास के इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है
उदयपुर 5 अगस्त 2025 । ज़िले के घासा थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने दो मंदिरों और दो सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। होली चौराहे पर स्थित नाहरसिंह माताजी मंदिर और बाबा रामदेव मंदिर से चोर करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग एक किलो चांदी के आभूषण ले उड़े। चोरी का खुलासा मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारियों के आने पर हुआ।
नाहरसिंह माताजी मंदिर के भोपाजी भेरूलाल लखारा ने बताया कि बदमाशों ने मंदिर के दरवाजे का इंटरलॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी के छत्र, मुकुट समेत करीब एक किलो चांदी और 10 हजार रुपये नकद चुरा लिए। वहीं, पास ही स्थित बाबा रामदेव मंदिर के दानपात्र को तोड़कर चोर करीब 30 हजार रुपये नकद ले गए।

इसके अलावा चोरों ने क्षेत्र के लक्ष्मी लाल सालवी और प्रेम शंकर सालवी के सूने मकानों को भी निशाना बनाया। मकानों के ताले तोड़कर अलमारी और पेटियों के ताले तोड़े गए, लेकिन मकानों में नकदी या जेवरात नहीं होने से चोर सिर्फ घरेलू सामान ही अस्त-व्यस्त कर छोड़ गए। दोनों मकान मालिक उदयपुर शहर में रहते हैं।
घटना के समय आसपास के घरों और मंदिरों में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे चोरों की पहचान में परेशानी हो रही है। पुलिस अब आसपास के इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 27 जुलाई को खाम की मादड़ी इलाके में 5 सूने मकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है और 31 जुलाई को भी घासा क्षेत्र के एक मंदिर और सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। क्षेत्र में लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इन चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
