लूट के प्रयास और वारदातों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

50 फीट रोड लूटकांड सहित कई मामलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
 | 

उदयपुर। ऋषभदेव थाना क्षेत्र में हुई लूट, चोरी और हमला करने की एक के बाद एक वारदातों का उदयपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिलख गाड़ाव और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जिन्होंने मिलकर कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार 2 नवंबर 2025 को वह 50 फीट रोड पर बस से उतरकर अम्बावेला मोड़ की ओर पैदल जा रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल पर आए तीन लोगों ने उसे रोककर धारदार हथियार दिखाते हुए हमला कर दिया। पीड़ित के गिरते ही आरोपियों ने उसका मोबाइल और 18,000 रुपये नकद छीनकर भाग गए। मामले में ऋषभदेव थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 264/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृताधिकारी ऋषभदेव के सुपरविजन में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर बिलख गाड़ाव के जंगलों से तीन आरोपियों—विशाल मीणा, सोहन मीणा और निखिलनाथ जोगी—को हिरासत में लिया।

पूछताछ में तीनों ने अपने साथियों अजय मीणा, साहिल मीणा और सोर्सा मीणा के साथ मिलकर कई वारदातें करने की बात स्वीकार की। आरोपियों द्वारा कबूल की गई वारदातें इस प्रकार हैं:

1. 29 अक्तूबर 2025 को शाम 6 से 7 बजे के बीच एपीएफ 48 पर स्थित होटल के पास खड़ी कार का ग्लास तोड़कर अंदर रखे 50,000 रुपये चोरी करना।

2. 31 अक्तूबर 2025 को योजना बनाकर रात करीब 2 बजे एक दुकान के ताले तोड़कर भीतर से लैपटॉप चोरी करना और आसपास की अन्य दुकानों के ताले तोड़ना।

3. 1 नवंबर 2025 को नेशनल हाईवे 48 के समीप एक व्यक्ति को तलवार दिखाकर बाइक, नकदी और बैग छीनकर भागना।

4. 2 नवंबर 2025 को हाईवे पर वाहन रोककर राहगीरों को लूटने की नई योजना बनाना।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal