जानलेवा हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया और पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।
 | 
Accused arrested by Sukher police

उदयपुर- सुखेर थाना क्षेत्र में बीती रात एक व्यक्ति, उसकी महिला मित्र और उनके दोस्त पर जानलेवा हमला करने के आरोपी तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह हमला तुलसी ढाबा, मोहनपुरा पर हुआ था जब पीड़ित रात्रि दो बजे के आसपास वहां खाना खा रहे थे।

थानाधिकारी सुखेर हिमांशु सिंह राजावत के अनुसार, पीड़ित युवराज सिंह ने बताया कि वे अपने मित्र संजय और एक महिला मित्र के साथ गाड़ी लेकर तुलसी ढाबा पर पहुंचे थे। वहां पर अचानक दो कारों में सवार होकर चार-पांच युवकों ने हमला कर दिया। इनमें से दीपक सिंह ने उनकी महिला मित्र के साथ बदतमीजी की और जब युवराज और संजय ने उसे रोका, तो दीपक सिंह और अन्य युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद पीड़ितों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गुरुवार 22 अगस्त 2024 को, पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अरमान असारी निवासी खैरादीवाडा, दीपक सिंह चौहान निवासी मादडी पडावली, वर्तमान निवासी एकलव्य कॉलोनी और नरेन्द्र सिंह उर्फ नरू देवडा निवासी मोया चौराहा, बडी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया और पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। पुलिस अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

राजावत ने बताया की इस मामले में पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है पुलिस आरोपियों से घटना के पीछे के कारणों और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी पता कर रही है।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News