उदयपुर मे बातों में उलझाकर चांदी के कड़े ठगने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार

 | 
arrest

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर जिले के भींडर थाना पुलिस ने महिलाओं को बातों में उलझाकर चांदी के कड़े ठगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी महिलाओं को अजमेर से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उनसे ठगे गए चांदी के कड़े बरामद करने का प्रयास कर रही है।

थानाधिकारी मुकेश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध महिलाओं की जानकारी जुटाई और भींडर, मंगलवाड़, भादसोड़ा, चित्तौड़गढ़, गंगरार और भीलवाड़ा सहित विभिन्न मार्गों पर तलाश की। जांच के दौरान पुलिस टीम अजमेर जिले के सरवाड़ पहुंची, जहां जानकारी मिली कि वारदात को अंजाम देने वाली महिलाएं कालबेलिया बस्ती में रहती हैं।

पुलिस ने कालबेलिया बस्ती में दबिश देकर रेखा पत्नी राजूनाथ कालबेलिया, लक्ष्मी देवी पत्नी सोनूनाथ कालबेलिया और मसुरी पत्नी रमेशनाथ कालबेलिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अगस्त 2026 को चार महिलाएं उसके घर आई थीं। महिलाओं ने प्यास लगने की बात कहकर पानी मांगा। पीड़िता ने उन्हें पानी पिलाया, जिसके बाद आरोपी महिलाओं ने उसे बातों में उलझा लिया और कथित रूप से उसके पैरों से चांदी के कड़े खुलवा लिए। इसके बाद महिलाएं मौके से फरार हो गईं।

शिकायत मिलने के बाद भींडर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है तथा ठगे गए चांदी के कड़ों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News