पर्यटक पर लूट की नीयत से हमला

सूचना देने के बाद भी आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस  

 | 
crime

उदयपुर 11 फ़रवरी 2026। रेलवे सिटी स्टेशन के मेन रोड पर स्थित नटराज होटल के बाहर 9 फ़रवरी देर रात एक पर्यटक पर लूट की नीयत से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक के मुंह पर पत्थर मार दिया, जिससे उसका होंठ फट गया और दो दांत टूट गए। हमले में युवक का चेहरा खून से सन गया।

घायल पर्यटक ने तुरंत फोन कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन करीब आधे घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद युवक ने खुद ही एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया।

घटना पर्यटन नगरी उदयपुर के व्यस्त इलाके रेलवे स्टेशन के बाहर हुई, जिससे शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र सूरजपोल थाना क्षेत्र में आता है, जहां प्रभावी गश्त नहीं होने के कारण पर्यटकों के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।