करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में मुंबई से दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर पुलिस की कार्रवाई
उदयपुर 18 नवंबर 2025 - पुलिस ने भूपालपुरा थाना में दर्ज बड़ी धोखाधड़ी मामले में मुंबई से दो मुख़्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण संख्या 213/25 में मुंबई के फिल्म निर्माता एवं उनकी सहयोगी टीम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने का आरोप है।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने फिल्म निर्माण के नाम पर वेन्डर-नाम पर काल्पनिक बिल व वाउचर बनाकर उनसे करोड़ों रुपए का निवेश कराया। आरोप है कि मुख्य आरोपी खातों में रुपए रोटेट कराकर नकद के रूप में करोड़ों की ठगी करते रहे। इस मामले की गहनता के आधार पर भूपालपुरा पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस उप अधीक्षक छगन पुरोहित के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुंबई में छानबीन कर 17 नवम्बर 2025 को मेहबूब उसमान निवासी मुंबई और संदीप निवासी मुंबई को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें 23 नवम्बर 2025 तक पुलिस रिमांड पर भेजने की अनुमति मिली है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत अनुसंधान जारी है और अन्य नामजद आरोपियों के विरुद्ध भी गहन जांच कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रकरण में धारा 316 (2), 318( 4), 336 (2), 338, 340 (2) तथा 61 (2) BNS 2023 के तहत कार्यवाही की जा रही है।
