सविना फायरिंग केस में दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम से पकड़ा गया अवैध हथियार सप्लायर
 

 | 
savina Police station

 

 

Udaipur Times News, Crime News Udaipur , उदयपुर 17 नवंबर 2026 - शहर में सविना थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की गंभीर वारदात में पुलिस ने एक वांछित सहयोगी आरोपी और अवैध हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने हथियार सप्लायर को मध्यप्रदेश के रतलाम से पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और जिंदा कारतूस इसी आरोपी ने उपलब्ध करवाए थे।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे सविना खेड़ा निवासी प्रेम सिंह सोलंकी अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन का केक काटने के लिए बलीचा स्थित महादेव होटल गया था। वहां इटियोस कार में आए उस्मान गनी और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते फरदीन पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग की। इसके बाद रास्ते में कार चालक ने उनकी गाड़ी के आगे कार लगाकर चार गोलियां चलाईं। Crime News 

इस मामले में सविना थाने में प्रकरण संख्या 302/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत जांच शुरू की गई थी।

पुलिस इस मामले में साजिश रचने के आरोपी मुजफ्फर हुसैन उर्फ गोगा सहित छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। अब आगे की जांच में पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले सहयोगी राकेश को उदयपुर से और मुख्य हथियार सप्लायर वितेश उर्फ वीटू को रतलाम (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया है। Savina Firing Incident 

गिरफ्तार आरोपी वितेश उर्फ वीटू (29) मध्यप्रदेश के नीमच जिले का निवासी है, जबकि राकेश (27) उदयपुर के गोवर्धनविलास क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, राकेश के खिलाफ पूर्व में सुखेर, गोवर्धनविलास और सविना थानों में मारपीट व जानलेवा हमले के मामले विचाराधीन हैं।

पुलिस दोनों आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News