राजकोट में ज्वेलरी फर्म के कर्मचारी की हत्या कर 1.55 करोड़ का सोना-चांदी लूट के दो आरोपी उदयपुर से गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: गुजरात के राजकोट में ज्वेलरी बनाने वाली फर्म के कर्मचारी की हत्या कर सोना-चांदी लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से करीब 1 किलो सोना, 3 किलो चांदी का पाउडर और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सोना जूतों के सोल में छिपा रखा था।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि वारदात के बाद गुजरात पुलिस से सूचना मिली थी कि हत्या और लूट के आरोपी राजस्थान की ओर भागे हैं। इस इनपुट पर सुखेर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर अमित कुमार पांडे (24) पुत्र रामशपथ पांडे और शिवम पांडे (26) पुत्र अशोक पांडे, दोनों निवासी धानपुर चंदौली उत्तर प्रदेश को पकड़ लिया। आरोपियों के तीन अन्य साथियों को सिरोही पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को राजकोट के थोराला थाना क्षेत्र में तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी लालजीभाई सरधरा सुरक्षा गार्ड के साथ रिफाइनरी से रिफाइन किया हुआ सोना-चांदी लेने गए थे। वे करीब 1.55 करोड़ रुपए कीमत का सोना-चांदी थैले में लेकर बाहर निकले, तभी पहले से मौजूद बदमाशों ने थैला छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे लालजीभाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपी सोना-चांदी लूटकर कार से फरार हो गए। घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उदयपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर जब्त सामान और कार को कब्जे में लिया है। गुजरात पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों को उसके सुपुर्द किया जाएगा। कार्रवाई में सुखेर थाना सीआई भरत योगी और बड़गांव थाने के एएसआई कृष्णगोपाल की विशेष भूमिका रही।