पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है
 | 
arrest

उदयपुर 6 अगस्त 2025। ज़िले के ओगणा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 3 मई 2025 की है, जब पुलिस उप निरीक्षक रामावतार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक प्रकरण में आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम पर टोपीदार बंदूक से फायर कर जानलेवा हमला किया गया।

प्रकरण संख्या 29/2025, धारा 126(2), 115(2), 132, 121(1), 3(5) बीएनएस में आरोपियों की तलाश करते हुए पुलिस टीम गेजवी गांव पहुंची थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी मोतीलाल, सुरज, मदन, मगन, और राजु गांव में एक मकान की छत पर मौजूद हैं। पुलिस जैसे ही मोतीलाल के मकान के पास पहुंची, तभी मोतीलाल और सुरज ने छत से टोपीदार बंदूक लहराते हुए चेतावनी दी और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। सौभाग्य से छर्रे जमीन पर लगे और कोई हताहत नहीं हुआ।

इसके बाद जब पुलिस टीम ने छत पर चढ़कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तब सभी आरोपियों ने मिलकर टीम पर हमला कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण संख्या 70/2025 धारा 121(1), 132, 109(1), 115(2), 3(5) बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 व 5/27 में मामला दर्ज किया गया।

ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में, थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

शेष वांछित आरोपी मगन (उम्र 48 वर्ष, निवासी गेजवी) और राजु (उम्र 50 वर्ष, निवासी गोडीमारी) को 4 अगस्त 2025 को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस द्वारा की गई त्वरित और सटीक कार्यवाही से यह साबित होता है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।