ओगणा में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार

इसी मामले में दो आरोपी पहले भी गिरफ्तार हो चुके है 
 | 
ogna police station

उदयपुर 11 अगस्त 2025 । ज़िले के ओगणा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में इससे पहले भी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रार्थी भूरीलाल कुम्हार निवासी ढाबरा, पंचायत समिति समीजा, थाना ओगणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई 2025 की रात उसके अंकल मनोहर लाल ने सुरत से फोन कर जानकारी दी कि दादी जरावी बाई के घर में चोरी हो गई है। मौके पर पहुंचने पर दादी ने बताया कि रात में चार अज्ञात बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और डरा-धमकाकर ताले तोड़ दिए। आरोपियों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, सात हजार रुपये नकद, मोबाइल और दो लाइसेंसी बंदूकें चोरी कर लीं।

मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृताधिकारी झाड़ोल नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी ओगणा रामावतार मीणा व टीम ने सूचना और तकनीकी सहयोग से वांछित आरोपी शंकर निवासी मालावरी और मोहन उर्फ मोवनाराम निवासी कुरा महुला को महुला के जंगलों से डिटेन किया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने इनके कब्जे से दो चांदी के कड़े और चार चूड़ियां बरामद कीं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।