उदयपुर में अवैध हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: 13 जून 2026। उदयपुर पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में अवैध हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक चोरी का फरार आरोपी भी दबोचा।
सविना थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है, वहीं बाघपुरा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सविना थाना पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी और सविना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर शहजाद खान उर्फ सराड़ी (53) निवासी सराड़ा, सलूंबर तथा उसके साथी किस्मत अली उर्फ रैंजा (38) निवासी कृष्णपुरा, अलीपुरा, उदयपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर बाघपुरा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में दो माह से फरार आरोपी गोविंद सिंह (20) निवासी खाटी कमड़ी, को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में पूर्व में एक अन्य आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
