तेंदुए के शिकारी समेत दो दलाल गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों से तेंदुए की खाल भी बरामद की

 | 
leopard hunter arrest

राजसमंद 22 अगस्त 2025 । ज़िले की भीम पुलिस ने तेंदुए के शिकार का मामला सुलझाते हुए शुक्रवार को एक शिकारी सहित दो दलालों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने आनन-फानन में भीम थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

वन विभाग की शिकायत के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से तेंदुए की खाल भी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में शिकारी प्रताप सिंह, शंकर सिंह और गणेश सिंह शामिल हैं।

थानाधिकारी भंवरलाल कुमावत ने बताया “यह मामला 19 अगस्त को तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पहचान की और उनमें से दो को उनके घरों से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर बाद में प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से तेंदुए की खाल बरामद की गई है। इस अवैध गतिविधि की पूरी श्रृंखला का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।”