फायरिंग मामले में वांछित दो हिस्ट्रीशीटर अवैध पिस्टल और चाकू के साथ गिरफ्तार
उदयपुर पुलिस ने अवैध हथियारों तथा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी शहर में वारदात की फिराक में घूम रहे थे और पूर्व में हाथीपोल सर्कल में हुई फायरिंग के मामले में वांछित थे।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर 5 नवंबर 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा के मार्गदर्शन में तथा वृताधिकारी शहर पश्चिम कैलाश चंद्र के सुपरविजन में हाथीपोल थाना पुलिस व जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
टीम ने शोएब उर्फ पहलवान और सोहेल उर्फ अन्ना को अवैध पिस्टल, दो कारतूस और एक धारदार चाकू के साथ दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका अपने साथी राहिल उर्फ बोहरा का मलिक उर्फ भो निवासी महावतवाड़ी से झगड़ा चल रहा था, जिसके चलते वे हथियार लेकर घूम रहे थे। दोनों आरोपियों से पिस्टल की खरीद, सोर्स और अन्य गतिविधियों की जानकारी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उदयपुर शहर के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित दर्जनों प्रकरणों में नामजद हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम— 1. शोएब उर्फ पहलवान, पिता एजाज मोहम्मद, उम्र 27 वर्ष, निवासी नागानगरी चांदपोल बाहर, थाना अंबामाता, उदयपुर 2. मोहम्मद सोहेल उर्फ अन्ना, पिता मोहम्मद रसीद, उम्र 26 वर्ष, निवासी महावतवाड़ी मस्जिद चौक, थाना घंटाघर, उदयपुर पुलिस का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी से शहर में अपराधियों के भय और हथियारबंद गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।