गंगू कुंड में डूबकर दो लोगो की मौत

सिविल डिफेन्स की टीम ने एक का शव बाहर निकाला

 | 
Gnagu Kund

उदयपुर 31 मई 2024। शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र के गंगु कुंड में शुक्रवार को दो व्यक्तियों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों नहाने के लिए गंगु कुंड में उतरे थे। कुंड में एक तरफ पानी बहुत गहरा था। उस ओर जाने से दोनों गहरे में डूब गए। जिससे उनकी मौत हो गई। आसपास लोगों को जब इसका पता लगा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वही, बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जमा हो गई।

भूपालपुरा थानाधिकारी मुकेश सोनी जाब्ते के साथ पहुंचे और तुरंत सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया। गोताखोर दीपक वडेरा, नरेश चौधरी और प्रवीण सिंह ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एक मृतक का शव ढूंढकर बाहर निकाला। जबकि दूसरे मृतक के शव की तलाश जारी है। मौके पर नगर निगम मेयर जीएस टांक भी हालात का जायजा लेने पहुंचे।  

प्राईवेट बैंककर्मी है मृतक, साथी के साथ नहाने उतरे थे

जानकारी के अनुसार सिविल डिफेंस टीम ने मृतक गणेश मेहरा निवासी पहाड़ा उदयपुर का शव बाहर निकाल लिया है। जबकि अलवर निवासी कपिल शर्मा के शव की तलाश को लेकर सिविल डिफेंस टीम का रेस्क्यू जारी है। 

मृतक कपिल उदयपुर में प्राईवेट बैंक में जॉब करता है। वह अपने साथी गणेश के साथ गंगु कुंड आया हुआ था। गर्मी ज्यादा होने के कारण वे यहां पर नहाने लगे। उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। ऐसे में नहाने के बाद वे गहरे पानी में डूब गए। इस दौरान उन्हें बचाने के लिए आसपास कोई मौजूद नहीं था।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News