Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के सूरजपोल थाना पुलिस ने बाइक सवार महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
थानाधिकारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानाराम निवासी गोवर्धन विलास और लिंबाराम निवासी कृष्णपुरी, जावरमाइंस के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को जगदीश चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से शहर में पूर्व में हुई मोबाइल स्नैचिंग और अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
5 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक भुवाणा निवासी परेश कुमार राव पुत्र पूरणमल ने 5 अगस्त को सूरजपोल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी पत्नी दुर्गा राव के साथ बाइक से सेक्टर-14 किसी काम से गए थे। वहां से वापस भुवाणा की ओर लौटते समय रात करीब 8:15 बजे वे पारस चौराहे से गुजर रहे थे।
इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और चलती बाइक से उनकी पत्नी के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई घटना के कारण उनकी बाइक भी असंतुलित हो गई और गिरते-गिरते बची।
CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों का पीछा किया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जगदीश चौक क्षेत्र से डिटेन कर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई।
शिकायतकर्ता परेश कुमार राव ने बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल्स का काम करते हैं और उनकी पत्नी से छीना गया मोबाइल करीब 24 हजार रुपए कीमत का था। पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।