15 साल बाद हत्या-डकैती के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

उदयपुर की खेरोदा पुलिस ने यूपी से किया गिरफ्तार 

 | 

उदयपुर 21 अप्रैल 2026  -खेरोदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या और डकैती के मामले में पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार 5 मार्च 2011 को परिवादी चन्द्र प्रकाश ने सूचना दी थी कि वाना के पास एनएच-76 पर पुलिया के निकट झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इस पर थाना खेरोदा में प्रकरण संख्या 48/2011 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अनुसंधान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था तथा उनके खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने, डकैती और आपराधिक साजिश जैसी धाराओं में अपराध प्रमाणित पाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजेन्द्र सिंह जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

टीम को फरार आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश के इटावा भेजा गया। इटावा के पालीकलां गांव में दबिश के दौरान इनामी बदमाश आदेश उर्फ सल्लु यादव पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा, जिसे टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। वहीं दूसरे आरोपी शरद उर्फ करण वाल्मीकि को कानपुर क्षेत्र में होटल-ढाबों पर तलाश करते हुए शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर एक ढाबे से डिटेन किया गया। आरोपी शरद पिछले 15 वर्षों से नाम बदलकर फरारी काट रहा था। दोनों आरोपी हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

#UdaipurNews #RajasthanPolice #CrimeNews #BreakingNews #UdaipurPolice #Kheroda #RajasthanNews #PoliceAction #MurderCase #Dacoity #Etawah #Kanpur #LocalNews #UdaipurUpdates #RajasthanCrime

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News