Udaipur Times News, Road Accident उदयपुर 4 नवंबर 2026 । ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही निजी बस से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा कानुवाड़ा गांव के मोड़ पर रात करीब 11:30 बजे हुआ। कार में सवार दोनों युवक काम के सिलसिले में ऋषभदेव की ओर आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ से आ रही निजी बस से जा भिड़ी। टक्कर से कार का बोनट बुरी तरह टूटकर बिखर गया। बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। Udaipur News
हादसे में कार सवार योगेंद्र कुमार (31) पुत्र भगवतीलाल कलाल, निवासी सेमारी, सलूम्बर और पीयूष मीणा (23) पुत्र भैरूलाल मीणा, निवासी ऋषभदेव की मौत हो गई। दोनों युवक ऋषभदेव में शराब के ठेके पर काम करते थे। Road Accident
सूचना पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।