उदयपुर के कपिल विहार में महिला की मौत के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, दो गोवा से पकड़े
Udaipur Times, Crime News: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के कपिल विहार में स्कॉर्पियो से कुचलकर महिला की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवर्धन चुंडावत, यशपाल सिंह झाला और विशाल शर्मा के रूप में हुई है।
प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और अहम सुराग जुटाते हुए उनके ठिकानों तक पहुंची। कार्रवाई के दौरान यशवर्धन और यशपाल पुलिस से बचकर भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अंबाघाटी में गिरने से दोनों के पैर में चोट लगी और फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी छवि शर्मा ने बताया कि वारदात में किस आरोपी की क्या भूमिका रही, इसे लेकर प्रतापनगर थाना पुलिस जांच कर रही है।
तोड़फोड़ के बाद किया था हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सवीना कृषि मंडी स्थित कार रेंटल ऑफिस में तोड़फोड़ की गई थी। इसके अलावा बेड़वास में भी एक व्यक्ति के घर पर हमला किए जाने की बात सामने आई थी।
इसके बाद अपने यहां हुई तोड़फोड़ का बदला लेने के लिए आरोपियों के गुट ने 7 अगस्त की शाम कपिल विहार में दिव्यराज सिंह के घर पर हमला किया था। आरोप है कि इसी दौरान दिव्यराज सिंह की मां उर्मिला कंवर घर से बाहर आईं और स्कॉर्पियो की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
