Udaipur Times, Udaipur News, School Building Roof Collapse: उदयपुर जिले के भींडर थाना क्षेत्र की वाणियातलाई ग्राम पंचायत के नारदा गांव स्थित सरकारी स्कूल में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के एक क्लासरूम की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के समय कमरे में 32 बच्चे मौजूद थे।
हेडमास्टर लालसिंह शक्तावत ने बताया कि पहली कक्षा की छात्रा कृष्णा कुमारी, कार्तिक और पांचवीं कक्षा के छात्र गणेशलाल के सिर में चोट लगी है। तीनों को तत्काल भींडर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
क्लास चल रही थी, तभी गिरा प्लास्टर
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। उस समय कमरे में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर नीचे गिर गया। प्लास्टर गिरते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर एहतियातन स्कूल भवन पर ताला लगा दिया गया है। अब स्कूल को माताजी के चबूतरे के पास वैकल्पिक स्थान पर संचालित किया जाएगा।
पहले ही जर्जर भवन की दी थी सूचना
हेडमास्टर लालसिंह शक्तावत ने बताया कि स्कूल पांचवीं कक्षा तक संचालित है और इसमें कुल 37 बच्चे अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी।
स्कूल भवन का निर्माण वर्ष 2001 में हुआ था। स्कूल प्रबंधन के अनुसार भवन की स्थिति लगातार खराब होती गई। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से भवन जर्जर हालत में होने के बावजूद इसकी मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में दो कमरे और एक बरामदा है और सभी की स्थिति जर्जर बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना की सूचना मिलने पर सीबीईओ भींडर राजेंद्र कुमार चौबीसा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लिया।