उदयपुर में अपराधियों पर चौतरफा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार और बाल अपचारी डिटेन

 | 
Udaipur Crime

 

Udaipur Times, Crime News: अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अम्बामाता थाना पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद करने के साथ तीन दिन पहले हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को भी डिटेन किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में अम्बामाता थानाधिकारी हुकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 अवैध पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 1.72 ग्राम एमडीएमए, एक आल्टो कार, 3 मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की है।

नाकाबंदी में एमडीएमए के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

6 सितंबर को पुलिस टीम रानी रोड की तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देवाली की तरफ से आ रही सिल्वर रंग की आल्टो कार सवार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें सवार युवकों के कब्जे से 1.72 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ।

पुलिस ने एमडीएमए, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर जावेद अख्तर निवासी मल्लातलाई, नावेद हुसैन निवासी खातीवाला और मोइन अख्तर निवासी जाटवाड़ी, हाल अहमद हुसैन कॉलोनी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने यह एमडीएमए अहमद हुसैन कॉलोनी निवासी सोनू नानी से खरीदना बताया है। पुलिस अब मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

अवैध पिस्टल के साथ 55 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में मुखबिर से सूचना मिली कि सहेली मार्ग पर फतहपुरा की तरफ एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर अम्बामाता पुलिस टीम और डीएसटी प्रभारी पुलिस निरीक्षक भरत योगी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी गुलाब सिंह (55) निवासी सेठजी की कुंडाल, थाना गोवर्धन विलास को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।

पिछोला रिंग रोड पर देशी कट्टे के साथ बदमाश पकड़ा

तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पिछोला रिंग रोड की तरफ दबिश दी। यहां लोगों में खौफ पैदा करने और अपना रुतबा कायम करने की नीयत से अवैध देशी कट्टा लेकर बैठे एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान शिवराज सिंह चौहान (24) निवासी कृष्णपुरा, भूपालपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार करीब तीन साल पहले धानमंडी स्थित तीज का चौक निवासी सोनू घांचा से खरीदा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया।

फायरिंग के मुख्य आरोपी शेरा गिरफ्तार, बाल अपचारी भी डिटेन

चौथी और अहम कार्रवाई मल्लातलाई क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई फायरिंग की घटना को लेकर की गई। फायरिंग के बाद फरार बदमाशों की तलाश के लिए गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी ताज मोहम्मद उर्फ शेरा (21) निवासी मंसूरी कॉलोनी, रजा कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी डिटेन किया है। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार सभी मामलों में अग्रिम अनुसंधान जारी है। वहीं, फायरिंग, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उदयपुर पुलिस का यह अभियान अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी रहने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News