उदयपुर: ACB का बड़ा एक्शन, 30 हजार की रिश्वत लेते कथित दलाल गिरफ्तार, संयुक्त निदेशक फरार

उदयपुर स्वास्थ्य विभाग में रिश्वतकांड
 | 
ACB Caughte Red Handed

 

Udaipur Times, Crime News: 11 जुलाई 2026।  भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बांसवाड़ा इकाई ने संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, जोन उदयपुर के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक कथित दलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगने पर संयुक्त निदेशक डॉ. रतन बिलवाल कार्यालय से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

ACB के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी लैब में सोनोग्राफी मशीन के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर का नाम जोड़ने संबंधी पंजीयन स्वीकृति जारी करने के एवज में 1.30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। 

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन तथा पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ACB टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान डॉ. रतन बिलवाल की ओर से कथित दलाल अब्दुल कादिर के माध्यम से 30 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति जताई गई थी।

ट्रैप कार्रवाई के दौरान अब्दुल कादिर ने 30 हजार रुपये गिनकर प्राप्त किए, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही उसने रिश्वत की राशि परिवादी के कार्यालय में रखी और मौके से भागने का प्रयास किया। ACB ने उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, डॉ. रतन बिलवाल कार्रवाई की सूचना मिलते ही कार्यालय छोड़कर फरार हो गए।

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी दलाल से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News