उदयपुर में फाइनेंस कर्मचारी से मारपीट कर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बावलवाड़ा पुलिस ने लूटे गए मोबाइल बरामद किए, धमकी देकर ऑनलाइन भुगतान करवाने के मामले में कार्रवाई; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

 | 
Accused Arrested for attacking police team

Udaipur Times, Crime News, उदयपुर 9 जून 2026 - बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के साथ मारपीट कर मोबाइल लूटने और धमकी देकर जबरन ऑनलाइन भुगतान करवाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी गणपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। Crime News 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार (26) निवासी चिकलवास बलात फला तथा अनिल उर्फ कावाराम उर्फ कोबरा (24) निवासी कानपुर खोजनघाटी, थाना बावलवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को फाइनेंस कलेक्शन कर्मचारी दिलीप सिंह अपने साथियों लोकेश और भरत के साथ कलेक्शन के लिए ढीकवास क्षेत्र गया था। ऐरा ढीकवास में एक दुकान पर पानी पीने के दौरान उन्हें फाइनेंस कंपनी की एक मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। जब उन्होंने दुकानदार से उसके बारे में पूछताछ की तो उसने मोटरसाइकिल लाने वाले व्यक्ति को फोन कर दिया। Udaipur Times News

कुछ देर बाद अभिषेक, मनोज और अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और आते ही फाइनेंस कर्मचारियों के साथ मारपीट तथा पथराव शुरू कर दिया। हमले से घबराकर लोकेश और भरत जंगल की ओर भाग गए, जबकि आरोपियों ने दिलीप सिंह को पकड़ लिया। आरोप है कि अभिषेक और मनोज उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर चिकलवास के जंगल में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर फोन-पे के माध्यम से एक स्कैनर पर 2,846 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। Udaipur Crime News 

इसके बाद आरोपी उसका आईफोन और टेक्नो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर बावलवाड़ा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए मोबाइल बरामद कर लिए। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #CrimeNews #Bawalwada #PoliceAction #MobileRobbery #FinanceEmployee #RajasthanPolice #LatestNews #UdaipurCrime #BreakingNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News