एक ही नंबर और मॉडल की दो कारें एक ही समय पर अलग-अलग जगहों पर मिलीं

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि एक ही नंबर की दूसरी गाड़ी कैसे चल रही थी और इसके पीछे किसका हाथ है।
 | 
Car number plate fraud

उदयपुर 23 अप्रैल 2026। भीलवाड़ा और उदयपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही नंबर, कंपनी और मॉडल की दो कारें एक ही समय पर अलग-अलग जगहों पर मिलीं। मामला तब सामने आया जब भीलवाड़ा एसपी ऑफिस के बाहर आरजे 27 CK 2614 नंबर की टाटा अल्ट्रोज कार खड़ी मिली।

भीलवाड़ा ट्रैफिक पुलिस ने RTO रिकॉर्ड के आधार पर वाहन मालिक उदयपुर के गोगुंदा निवासी जयदीप सिंह झाला को फोन कर गाड़ी हटाने को कहा। इस पर जयदीप ने बताया कि उनकी कार तो उनके घर पर पार्किंग में खड़ी है। इसके बाद मामला संदिग्ध हो गया।

जयदीप सिंह झाला ने कहा, "मेरी गाड़ी गोगुंदा स्थित मेरे घर पर खड़ी थी। जब ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मुझे भीलवाड़ा में खड़ी उसी नंबर की गाड़ी की तस्वीर भेजी तो मैं हैरान रह गया।"

बताया जा रहा है कि भीलवाड़ा में खड़ी कार पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था और अंदर पुलिस की टोपी भी रखी हुई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस वर्दी में वहां पहुंचा, खुद को कॉन्स्टेबल राजू बताया और उस गाड़ी को लेकर चला गया।

यह पूरा घटनाक्रम 16 अप्रैल का है। जयदीप ने उसी दिन गोगुंदा थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 19 अप्रैल को फिर से थाने जाकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उन्होंने उदयपुर और भीलवाड़ा के SP कार्यालय तथा IG को ईमेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी।

गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह ने कहा, "घटना भीलवाड़ा में हुई है। यहां हमने परिवाद ले लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है।"

भीलवाड़ा ट्रैफिक पुलिसकर्मी लेहरू लाल को उस समय शक हुआ जब उन्होंने वाहन नंबर की जांच कर मालिक से संपर्क किया और पता चला कि असली गाड़ी उदयपुर में है। इसके बाद फर्जी गाड़ी का मामला सामने आया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि एक ही नंबर की दूसरी गाड़ी कैसे चल रही थी और इसके पीछे किसका हाथ है।

#Udaipur #Bhilwara #RajasthanNews #UdaipurNews #BhilwaraNews #Rajasthan #IndiaNews #CrimeNews #BreakingNews #LatestNews #ViralNews #FakeVehicle #VehicleFraud #NumberPlateFraud #PoliceCase #ScamAlert #CrimeAlert #Investigation #LawAndOrder #PublicSafety #Altroz #TataAltroz #CarFraud #DuplicateCar #ShockingNews #TrendingNow

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News