उदयपुर: दुष्कर्म प्रयास मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार, हाईकोर्ट ने हटाई थी रोक

 | 

Udaipur Times, Crime News: 29 मई 2026। शहर के घंटाघर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपी भाजपा नेता को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शहर के एक रिसोर्ट से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जबकि शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पहले राजस्थान हाईकोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी पर लगी रोक हटाते हुए पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र कर दिया था।

मामला 5 जून 2025 का बताया जा रहा है। पीड़िता ने 6 मई को दर्ज कराई एफआईआर में आरोपी पर जबरन घर में घुसने, बदसलूकी करने और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद आरोपी ने भी एक क्रॉस केस दर्ज कराया था और आरोपों को झूठा एवं मनगढ़ंत बताया था।

जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2025 को हाईकोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी थी। हाल ही में अदालत ने यह राहत समाप्त कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का कहना है कि यह पूरा मामला व्यावसायिक विवाद से जुड़ा है और उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। वहीं पुलिस दोनों पक्षों द्वारा दर्ज मामलों की जांच पूरी कर चुकी है, हालांकि अभी तक किसी भी मामले में अदालत में चार्जशीट पेश नहीं की गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News