कारागृह में तलाशी के दौरान बंदियों द्वारा स्टाफ पर हमला

कई कर्मचारी घायल

 | 
central jail udaipur

उदयपुर 25 अप्रैल 2026। केंद्रीय कारागृह में गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान बंदियों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को उपाधीक्षक श्रीमोहन मीणा, कारापाल सतेन्द्र कुमार, भगवान सहाय मीणा, उप कारापाल अचलाराम और रघुवीर प्रसाद के नेतृत्व में प्रहरी दल द्वारा विचाराधीन बंदी वार्ड की बैरकों की तलाशी ली जा रही थी।

करीब 4:15 बजे जब टीम बैरक नंबर 18 में प्रवेश करने लगी तो कुछ बंदियों ने तलाशी का विरोध करते हुए अचानक आक्रामक रुख अपना लिया और स्टाफ पर हमला कर दिया। इस दौरान दण्डित बंदी साहिल अली ने एक बर्तन से बनाई गई धारदार पत्ती से प्रहरी शिवचरण सिंह के दाहिने हाथ पर वार कर दिया, जिससे उन्हें 2 से 3 इंच का गहरा घाव हो गया। इसके अलावा अन्य कर्मचारियों को भी हल्की चोटें आईं।

हमले में मुख्य प्रहरी योगेश कुमार, प्रहरी रोहिताश जाट और सांवरमल भी घायल हुए। घटना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी आरोपित बंदियों को काबू में किया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बंदियों ने तलाशी का विरोध करते हुए राजकार्य में बाधा उत्पन्न की और कर्मचारियों पर हमला किया।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बंदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दण्डित बंदी साहिल अली पुत्र अजीज अली, 2. विचाराधीन बंदी जितेन्द्र सिंह हुल्दानी उर्फ सुरेन्द्र उर्फ जीतू हुल्दाणी पुत्र नरपत सिंह, 3. विचाराधीन बंदी संजय कुमार उर्फ बचिया पुत्र गजेन्द्र सिंह, 4. विचाराधीन  बंदी विक्रम कुमार जाट उर्फ राठौड पुत्र रामजीलाल, 5. विचाराधीन बंदी रामहरि पुत्र मेधसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं।

#UdaipurNews #RajasthanNews #JailIncident #CentralJailUdaipur #CrimeNewsIndia #PrisonSecurity #BreakingNews #PoliceReport #LegalAction #IndiaNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News