उदयपुर सेंट्रल जेल में बंदी से मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप, दो बंदियों के खिलाफ केस दर्ज

 | 
crime

 

Udaipur Times, Crime News: केंद्रीय कारागृह उदयपुर में एक विचाराधीन बंदी ने जेल में उसके साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। बंदी की शिकायत पर सूरजपोल थाना पुलिस ने जेल के ही दो विचाराधीन बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बोरली निवासी विचाराधीन बंदी भुताराम पुत्र धुलाराम ने केंद्रीय कारागृह उदयपुर के उपाधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने की शिकायत की थी। बंदी ने मामले में विचाराधीन बंदी नरेन्द्र सैनी उर्फ गुट्या और यशवंत केवट उर्फ राजा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जेल उपाधीक्षक ने बंदी का मूल प्रार्थना पत्र संलग्न करते हुए 3 अक्टूबर 2026 को सूरजपोल थानाधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। साथ ही जेल प्रहरी कांस्टेबल 6434 को थाने में एफआईआर दर्ज करवाने और उसकी प्रति जेल प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद जेल प्रहरी कांस्टेबल 6434, विचाराधीन बंदी भुताराम को साथ लेकर सूरजपोल थाने पहुंचा और लिखित रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला धारा 115(2), 126(2) और 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया।

पुलिस ने मामले की जांच एएसआई शीशराम को सौंपी है। शिकायत में नामजद नरेन्द्र सैनी उर्फ गुट्या निवासी इंद्रा कॉलोनी, विज्ञान नगर, कोटा और यशवंत केवट उर्फ राजा निवासी कुन्हाड़ी, कोटा बताए गए हैं।

पुलिस अब बंदी के आरोपों की जांच कर मारपीट की घटना और उसमें शामिल आरोपियों के संबंध में तथ्य जुटा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News