उदयपुर में कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार

AI सॉफ्टवेयर से हुआ खुलासा

 | 
rajasthan police

उदयपुर 16 सितंबर 2025। पुलिस ने कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान दो संदिग्ध डमी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला प्रतापनगर और सुखेर थाना क्षेत्र में स्थित परीक्षा केन्द्रों से सामने आया है। दोनों संदिग्ध अभ्यर्थियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दोनों अभ्यर्थी जब परीक्षा देने के लिए केन्द्र में पहुंचे, तो वे मूल परीक्षार्थी बने दिखे। लेकिन जब इनका बायोमेट्रिक इंप्रेशन लिया गया, तो पाया गया कि पहले दी गई किसी परीक्षा में इनके द्वारा किसी अन्य नाम से शामिल होने का रिकॉर्ड सामने आया। 

इसी आधार पर दोनों को संदिग्ध मानते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इन संदिग्ध परीक्षार्थियों के खिलाफ पूर्व में दी गई परीक्षाओं से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है। सुखेर थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इसका पूरा खुलासा किया जाएगा।

इस बार कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में पहली बार AI बेस्ड बायोमेट्रिक सॉफ्टवेयर का उपयोग किया गया। यह सॉफ्टवेयर नकल गिरोहों और डमी अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखता है। सॉफ्टवेयर की मदद से अभ्यर्थियों द्वारा पहले दी गई परीक्षाओं के रिकॉर्ड और उसमें उपयोग किए गए नामों की पूरी जानकारी मिल जाती है। इसके माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि अभ्यर्थी ने कब और किस परीक्षा में भाग लिया था। पुलिस इस तकनीक की मदद से भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने का प्रयास कर रही है।