उदयपुर में कॉन्स्टेबल ने रेस्टोरेंट संचालक पर धमकाने और अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप, जांच शुरू
Udaipur Times, Crime News: 30 मई 2026। उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में एक कॉन्स्टेबल ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए थानाधिकारी को लिखित शिकायत दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि कॉन्स्टेबल शिवलाल ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें एक रेस्टोरेंट संचालक द्वारा फोन पर धमकी देने और अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ते में सविना थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान कॉन्स्टेबल शिवलाल को एकलिंगपुरा चौराहे पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर जाते समय गिरिजा व्यास पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट रात करीब 12 बजे खुला मिला, जहां 15 से 20 लोग मौजूद थे।
कॉन्स्टेबल ने बताया कि उसने रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को रेस्टोरेंट बंद करने और रात 11 बजे के बाद प्रतिष्ठान संचालित नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद वह मौके से रवाना हो गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद रेस्टोरेंट संचालक फूलसिंह का कॉन्स्टेबल के मोबाइल पर फोन आया। फोन पर उसने कथित रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि उसके बेटे को धमकाया गया है तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया।
कॉन्स्टेबल शिवलाल ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया कि उसने रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को किसी प्रकार की धमकी नहीं दी थी, बल्कि केवल नियमानुसार निर्धारित समय के बाद रेस्टोरेंट संचालित नहीं करने के निर्देश दिए थे।
मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
