Udaipur Crime: फायरिंग और चाकूबाजी के तीन आरोपी 40 घंटे में गिरफ्तार

 | 

Udaipur Times, Udaipur Crime Update 22 मई 2026। घंटाघर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग और चाकूबाजी की घटना का उदयपुर पुलिस ने 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में इरफान खान पठान, अरवाज खान और हुसैन शाह उर्फ मख्खी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 20 मई 2026 की रात पंचायत मस्जिद के पीछे हुई फायरिंग और जानलेवा हमले की घटना के बाद पुलिस ने तुरंत विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। Udaipur Crime Update

पीड़ित मोहसिन खान उर्फ पिनोरियो ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्तों सलमान खान और नाजिम के साथ पंचायत मस्जिद के पीछे बैठा था। इसी दौरान स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए पांच युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि मनु उर्फ बड़ा मेवाती ने पिस्टल निकालकर फायर किया, जिससे सलमान खान के कंधे में गोली लगी। वहीं अन्य आरोपियों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि यदि वे मौके से नहीं भागते तो आरोपी उनकी हत्या कर सकते थे। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया गया है। Udaipur Crime Update

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के निर्देशन में घंटाघर थाना अधिकारी कर्मवीर सिंह, अम्बामाता थाना अधिकारी दलपत सिंह तथा पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 10 से 12 दिन पहले इरफान खान पठान और पीड़ित पक्ष के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। Udaipur Crime Update

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News