उदयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई; 2 करोड़ की रिश्वत लेते SOG के Addl SP का कथित दलाल गिरफ्तार
UdaipurTimes, 27 September 2026 | Udaipur Local News, ACB, Crime Update: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को उदयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को 2 करोड़ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में संदिग्ध भूमिका सामने आने पर ACB ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी को उनके बालोतरा स्थित निवास से डिटेन किया है। Rajasthan ACB Crime News
ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि 23 सितंबर को उदयपुर इंटेलिजेंस यूनिट को एक शिकायत मिली थी। इसमें परिवादी ने आरोप लगाया था कि उदयपुर नगर निगम के बहुचर्चित 272 भूखंड घोटाले से जुड़े प्रकरण संख्या 97/2022 में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को राहत दिलाने और अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने के बदले दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। Udaipur Local News
VIDEO देखें
इसके अलावा गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के घरों से बरामद किए गए ऐसे दस्तावेज, जिन्हें ज़ब्त नहीं किया गया था, उन्हें वापस लौटाने के बदले भी रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार, यह रकम SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी की ओर से कथित दलाल सज्जन सिंह जैन के माध्यम से मांगी जा रही थी।
ACB ने शिकायत मिलने के बाद रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर शनिवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। ACB की टीम ने परिवादी की फैक्ट्री में सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को दो करोड़ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। Udaipur Crime News
गिरफ्तार आरोपी सज्जन सिंह जैन की उम्र 59 वर्ष है और वह उदयपुर के सेक्टर-11 का रहने वाला है। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर ACB ने उन्हें बालोतरा स्थित उनके निवास से डिटेन कर लिया। उनसे मामले में पूछताछ की जा रही है। Udaipur ACB News
इस पूरी कार्रवाई को ACB उदयपुर रेंज के DIG डॉ. रामेश्वर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालस्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। ACB इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की पुलिस उप अधीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में गठित टीम में सहायक प्रशासनिक अधिकारी दलपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुनीर मोहम्मद, कांस्टेबल अजय कुमार सहित अतिरिक्त पुलिस जाब्ता शामिल रहा।
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में मामले की आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।
