Udaipur Crime News: ANTF की ताबड़तोड़ कार्रवाई | उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सहित 3 ज़िलों में मादक पदार्थ और नशीली दवाएं बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
Udaipur, June 21, 2026 | Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों में अलग-अलग छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ और प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक स्कूटी भी जब्त की गई।
ANTF के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजस्थान यू.आर. साहू के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर अवैध मादक पदार्थों की खेप बरामद की गई।
पहली कार्रवाई फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में की गई, जहां जावड़ों की ढाणी में एक मकान पर दबिश देकर 15.406 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी भोमाराम पुत्र तुलछाराम जाट (25) निवासी जावड़ों की ढाणी, पलीना को गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित एक होटल पर की गई। प्रशिक्षित डॉग की मदद से होटल की तलाशी लेने पर 3.780 किलोग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने लक्ष्मणराम पुत्र मांगाराम देवासी (35) निवासी कुड़ी, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया।
तीसरी कार्रवाई उदयपुर जिले के सूरजपोल थाना क्षेत्र के इन्दिरानगर बीड़ा इलाके में की गई। एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्रतिबंधित कैप्सूल की सप्लाई करता है। टीम ने मौके पर पहुंचकर एक स्कूटी सवार संदिग्ध को पकड़ा और तलाशी के दौरान 40 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने आरोपी रवि अटवाल पुत्र जगदीश चन्द्र अटवाल (33) निवासी खांजीपीर, सूरजपोल, उदयपुर को गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली।
महानिरीक्षक विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल सभी टीमों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
