Udaipur Crime: पिपली चौक पर फायरिंग चाक़ूबाज़ी में तीन घायल
Udaipur Times, City Crime: उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित पिपली चौक में बुधवार देर रात फायरिंग और चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की गैंग ने तीन युवकों पर पहले फायरिंग की और बाद में चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक युवक को गोली लगी, जबकि दो अन्य युवक चाकू लगने से घायल हो गए। तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। Pipli Chowk firing Udaipur
घटना की सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कारतूस के खोखे, खून के नमूने और अन्य अहम सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हमला किया गया। Udaipur Crime
ASP उमेश ओझा ने बताया कि सिलावटवाड़ी निवासी सलमान, मोहसिन उर्फ पिनायू और मोहम्मद नाजिम बुधवार रात को मोहल्ले में एक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे दो बाइकों पर सवार इमरान कुजड़ा गैंग के हिस्ट्रीशीटर बड़ा मेवाती, मोहिन, करण सेन, हुसैन, इरफिश उर्फ छोटू समेत 8 से 10 बदमाश वहां पहुंचे और युवकों पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। Udaipur Police
फायरिंग में सलमान की रीढ़ की हड्डी के पास गोली लगी। वहीं मोहसिन और नाजिम जान बचाकर भागने लगे तो बदमाशों ने पीछा कर उन पर चाकू से हमला कर दिया। मोहसिन के हाथ और पीठ पर चाकू लगे, जबकि नाजिम को भी मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
