उदयपुर के हरियाव में दलित समाज की बिंदोली पर हमला, तलवार और पत्थरों से मारपीट

गहने छीनने का आरोप

 | 

उदयपुर 30 अप्रैल 2026 - जिले के डबोक थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरियाव गांव में बीती रात एक दलित परिवार की खुशियों में उस वक्त खलल पड़ गया जब दबंगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए बिंदोली पर हमला कर दिया।

प्रार्थी भैरुलाल मेघवाल ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनकी पुत्री पूजा की बिंदोली धीरा तलाई के मुख्य मार्ग से निकल रही थी, तभी गांव के लक्ष्मण सिंह, माधु सिंह, किशन सिंह, उदय सिंह और अर्जुन सिंह सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों और महिलाओं ने रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि माधु सिंह की पुत्री मंजू कुंवर ने एक युवक की फेंट पकड़कर जातिसूचक अपमान किया और बिंदोली आगे नहीं ले जाने की धमकी देते हुए खून-खराबा करने की चेतावनी दी। इसके बाद अचानक हमलावरों ने डीजे बंद करवाकर दुल्हन को घोड़ी से नीचे उतार दिया और बारातियों व मेहमानों पर लट्ठ, सरियों और तलवारों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में तखत सिंह नामक व्यक्ति द्वारा तलवार से वार करने की बात सामने आई है, जिससे वरदी चन्द, गणेश, जितु और मंजू मेघवाल सहित कई लोग घायल हुए हैं। हमले के दौरान पथराव भी किया गया जिसमें महिलाओं और बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के साथ-साथ हमलावरों ने महिलाओं के गले से सोने के मंगलसूत्र छीन लिए और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रार्थी ने डबोक थानाधिकारी से नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Hariyav #Dabok #DalitRights #IndiaNews #CrimeNews #BreakingNews #SocialJustice #LocalNewsUdaipur #RajasthanPolice #ViralNews #GroundReport

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News