दिनदहाड़े चोरी की वारदात का CCTV फुटेज सामने आया
उदयपुर 5 नवंबर 2025। शहर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो चोर गेट फांदकर घर में घुसते दिख रहे हैं। इनमें एक चोर ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ है, जबकि दूसरे का चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर सवीना थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना सेक्टर-13 स्थित गोविंद नगर की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दीपक जैन का परिवार खेरवाड़ा में एक शादी समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान चोर गेट कूदकर अंदर घुसे और ताले तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। घर में रखे 18 लाख रुपए नकद और सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने का बाजूबंद, ब्रेसलेट, हार, दो जोड़ी पाटला, पांच अंगूठियां, मंगलसूत्र, तीन चेन, दो छोटे हार, तीन नाक के लोंग, चार काकड़, चांदी के 10 सिक्के और चार पायजेब शामिल हैं।
शादी से लौटकर घर पहुंचे परिवार को घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सवीना थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
