उदयपुर मे तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने और परिवार को जान से मारने की धमकी

 | 
Bhupalpura Police station

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए घरेलू परेशानियां दूर करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 6 से 7 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाते हुए भूपालपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, नाई गांव निवासी 44 वर्षीय नेमीचंद प्रजापत कोर्ट चौराहे के पास कंप्यूटर टाइपिंग का काम करते हैं। करीब दो-तीन महीने पहले उनकी पहचान जगदीश चौक निवासी चिकू शर्मा से हुई थी। चिकू ने खुद को तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए लोगों की परेशानियां दूर करने वाला बताया था।

पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि चिकू शर्मा ने उसे माया मिष्ठान के पास चाय की थड़ी पर मिलने बुलाया। वहां नेमीचंद ने अपनी घरेलू परेशानियों, रोजगार में आ रही रुकावटों और बीमारी के बारे में बताया। आरोप है कि चिकू ने उसके परिवार पर काला जादू होने की बात कहकर पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रिया के नाम पर पहले 31 हजार रुपये ले लिए।

इसके बाद आरोपी ने पड़ोसी द्वारा तंत्र विद्या कराए जाने का डर दिखाते हुए श्मशान में विशेष पूजा करने के लिए 50 हजार रुपये और मांगे। पीड़ित का आरोप है कि इसी तरह अलग-अलग किस्तों में उससे करीब 6 से 7 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। इस काम में चिकू का साथी राजेश माली भी शामिल था।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी आए दिन रात में फोन कर नेमीचंद को अशोक नगर श्मशान बुलाता था। वहां नहीं पहुंचने पर परिवार पर जादू-टोना कर जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देता था। दोनों आरोपियों ने लकड़वास श्मशान में रहने वाले अपने कथित गुरु के पास विशेष सिद्धियां होने का दावा भी किया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर को चिकू शर्मा ने फोन कर एक लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर कथित तांत्रिक क्रिया के जरिए उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उसके कार्यालय पहुंचकर डराया-धमकाया और मारपीट भी की।

एसपी और आईजी से पहचान होने का दावा

शिकायत में नेमीचंद ने बताया कि चिकू शर्मा ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। आरोपी ने उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के लिए भी तांत्रिक क्रिया करने का दावा किया और अपने मोबाइल में कथित व्हाट्सऐप फोटो व कॉलिंग रिकॉर्ड दिखाए। हालांकि, इन दावों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

भूपालपुरा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 318(4), 316(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक खुमाण सिंह को सौंपी गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News