चर्चित उदयपुर फाइल्स प्रकरण में नया मोड़
उदयपुर 5 मार्च 2026। शहर में बीजेपी नेत्री के एआई की मदद से अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। विपक्ष के साथ-साथ पार्टी के अंदरूनी विरोध के बाद सरकार के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने केस के जांच अधिकारी को बदल दिया है। पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मामले को विधानसभा में उठाया था।
टीकाराम जूली ने कहा था कि उदयपुर फाइल्स की पूरे प्रदेश में चर्चा है और उनके पास इससे जुड़े कई दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह फाइल एपस्टीन फाइल्स से भी बड़ी है। उन्होंने सदन की मर्यादा का हवाला देते हुए कहा कि यदि वे चाहें तो इससे जुड़े भाजपा नेताओं की परतें खोल सकते हैं। जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और कहा कि यदि कोई भी नेता दोषी पाया जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अब इस मामले की जांच एएसपी मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को डीएसपी गोपाल चंदेल को जांच से हटा दिया। उनके स्थान पर मेवाड़ा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करेंगे। गोपाल स्वरूप मेवाड़ा पहले उदयपुर सिटी में एएसपी रह चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष के साथ-साथ उदयपुर के कुछ भाजपा पदाधिकारियों से मिले इनपुट के बाद सरकार ने जांच अधिकारी बदलने का निर्णय लिया। नए जांच अधिकारी अब मामले की शुरुआत से अब तक की सभी जानकारियां जुटाएंगे और फाइल अपने पास लेंगे। इसमें आरोपी विशाल गुर्जर से की गई पूछताछ, मौजूदा सबूतों और अन्य तथ्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि जांच अधिकारी बदलने के पीछे राज्य सरकार की मंशा इस ब्लैकमेलिंग प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है, ताकि पार्टी पदाधिकारियों के बीच चल रही चर्चाओं पर विराम लगाया जा सके। जांच अधिकारी बदलने के बाद वीडियो कांड से जुड़े कथित भाजपा नेता भी चिंता में बताए जा रहे हैं।
#UdaipurFiles #UdaipurNews #RajasthanPolitics #AIControversy #PoliticalScandal #TikaramJully #BhajanlalSharma #Udaipur #RajasthanNews #IndiaPolitics #BreakingNews #UdaipurUpdates
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
